Thursday, January 6, 2011

ज़माना अज़ब सा हो गया है

ज़माना

अज़ब सा हो गया है

जिसके पास ज़्यादा है

उसी को लगता है

कहीं कुछ और कमी है।

हर कोई मशगूल है

ख़ुद में ... मगर

कहता है उसको

ज़माने की पड़ी है ।

सौ हाथ हैं

जिनके सहारे को

उनके पास ही

जादू की छड़ी है ।

जिनके पास

समय के लिए

समय ही नहीं

उनकी हर दीवार पर

एक घड़ी है ।


आपका नीलेश
मुंबई

Monday, January 3, 2011

इस बरस एक वादा करें

इस बरस एक वादा करें
जो हम हैं बस वही होने का
अपनी पहचान को पहचानकर
उसको नहीं खोने का
क्योंकि ख़ुद की झूठी पहचान
एक दिन ख़ुद को ही छल जाती है
वैसे भी चिकने कागज़ पर छपने से
कहानी नहीं बदल जाती है .


---- नया साल मुबारक हो!

आपका नीलेश जैन
मुंबई

Wednesday, November 10, 2010

किसी के पेड़ गमलों में लगे हैं; तो किसी के जमीन में

इससे फर्क तो पड़ता ही है कि किसकी जड़ों को जमने के लिए कितनी मिट्टी मिली है और कितना फैलाव। सच तो ये है कि जड़ों की गहराई जितनी गहरायेगी ... ऊँचाई उतनी ही ऊँचान पायेगी! इसीलिए जरूरी है कि हम अपनी गहराई बढाएं और फैलाव भी ... कभी समझ की; तो कभी नज़रिये की।

ये भी सच है कि हम सबको पनपने के लिए न तो एक जैसा वातावरण मिलता है और न ही अवसर। इसीलिए ये भेद तो स्वाभाविक है; लेकिन ये अस्वाभविक है कि हम इस भेद को शून्य करने के लिए प्रयास न करें। कोई बात नहीं कि हमारे बीते हुए कल ने हमें क्या दिया पर आज अगर हमारा विवेक सच में विवेकशील है, तो हम विस्तार को ही चुनेंगे और आने वाले कल के लिए ये संकल्प लेंगे कि हम अपने दायरों के दायरे तक सीमित नहीं रहेंगें ... सोच को नया आकाश देंगें... और विचार को नया सागर ।

आपका नीलेश
मुंबई
Publish Post

Tuesday, November 2, 2010

हम घड़े बना सकते हैं; मिट्टी नहीं !

हम जो साकार करते हैं, अक्सर उसे ही अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मान बैठते हैं । इसी से हमारे अन्दर अहम् जन्म लेता है और हम उस अहम् के दायरे में सिमट कर रह जाते हैं।

देने वाले ने हमें असीम संभावनाएं दी हैं...
हम उन्हें खोजें और पाएं ...
और कभी न भूलें कि
हम सिर्फ घड़े बना सकते हैं; मिट्टी नहीं।

Sunday, October 17, 2010

पापा की पहली बरसी पर जब मैं घर गया

मेरा दामन फिर अश्कों से भर गया
पापा की पहली बरसी पर जब मैं घर गया
घर मुझे बहुत उदास लगा
उसमें किसी बड़े बुजुर्ग-सा एहसास लगा
तब लगा पत्थर भी प्यार करते हैं
वो भी इंतज़ार करते हैं

इन बीते हुए सालों में
कितना कुछ बदल गया था
जिस घर के सांचे में हम ढले थे
वो ख़ुद कितना 'ढल' गया था

अजब था कुदरत का ये खेल भी
कि मुरझा गये थे वो पेड़
जो हमने ख़ुद लगाये थे
और लहरा रहे थे वो
जो ख़ुद उग आये थे

घर के सामनेवाला गुलमोहर
घर पर छतरी-सा छा गया था
और ज़मीन के अन्दर-ही-अन्दर
नींव तक आ गया था
ये देख
एक बुजुर्ग पड़ोसी ने मुझे बुलाया था
और कंधे पर हाथ रखकर
बड़े प्यार से समझाया था ...

जब पेड़ की शाखाएं
बहुत दूर तक फैल जाती हैं
तो वो जड़ों से
बहुत दूर चली जाती हैं
फिर वो पेड़ बिखर सा जाता है
और एक दिन अपने बोझ से
ख़ुद ही गिर जाता है

जिस दिन झुका हुआ ये पेड़
अचानक गिर जायेगा
साया-तो-साया...
नींव भी ले जायेगा...

इसीलिए आते-जाते रहा करो
अगर वक़्त रहते न इनका ख़्याल होगा
तो ज़िन्दगी भर इसका मलाल होगा

दरअसल वो कह कुछ रहे थे
और समझा कुछ रहे थे

तब लगा
एक अजब निगाह होती है
बुजुर्गों में
और कितना गहरा सच छिपा होता है

उनके
तजुर्बों में ....

-------------------------------

आप सबका
नीलेश
मुंबई

Friday, August 27, 2010

बड़े हुए तो ...एक छोटी बात समझ में आयी

बड़े हुए
तो
ये बात
समझ में आयी,
'धागे'
उँगलियाँ
बुनती थीं;
न कि सलाई .

Thursday, August 26, 2010

घाटी की सुबह सूरज से नहीं रौशनी से होती है

हर किसी के नसीब में हो सूरज
ये ज़रूरी नहीं
मगर रौशनी तो होती है
हथियार से कब सुलझे हैं मसले
पिघलाकर उन्हें औजार बना लो
इल्म की हर किताब ये ही कहती है